28 सितंबर 2014

यही ज़िन्दगी है

ज़िन्दगी !
अजनबी राहें
दो राही
हाथ पकड़
साथ-साथ चलना
पर
अंधेरों के दस्तक देते ही
हाथ की पकड़ ढीला होते जाना
यहीं ज़िन्दगी है?

एक नदी
दो किनारा
कोई तिनका नहीं
दोनों एक-दूजे के लिए मांझी
पर
लहर के दस्तक देते ही
दोनों इस उम्मीद में कि
कोई तो आगे होके हाथ थामेगा
दोनों हांफने लगे
किनारा भी दूर..बहुत दूर है
यहीं ज़िन्दगी है?

लड़के ने कहा
एक दिन
लड़की से
"दोस्ती करोगे मुझसे"
वे दोनों चुपचाप चलते रहे
साथ-साथ
कहाँ?पता नहीं
यकायक
ढलता सूरज
दोनों से कहता है
"घर पर इंतजार हो रहा है तुम्हारा"
 यहीं ज़िन्दगी है?

लड़की ने कहा
एक दिन
लड़के से
"किसी के दिल टूटने की वजह
 मैं नहीं बनना चाहती
 पर हम जब-तक चाहेंगे
 तब-तक 'दोस्त' बने रहेंगे"
 यहीं ज़िन्दगी है?

फिर
लड़के ने
उसी रात
सपने में
लड़की से ये बोलता पाया
"देखो
ऐसा भी वक़्त जीवन में आता है,
जब अच्छा-खासा दोस्त भी दुश्मन बन जाता है
और
जब दोस्त दुश्मन बन जाये
तो
इन्सान को अर्श से फर्श पर आने में
वक़्त नहीं लगता"
यही ज़िन्दगी है?

लड़का सोचता है
उसे ताउम्र 'दोस्त' बन
उस लड़की के साथ रहना है
लड़की को पढना है
कि
आखिर किस भाषा में लिखी गई थी
वह लड़की !
यहीं ज़िन्दगी है?

लड़का सोचता है
कि
उसके सारे ख्वाहिशों को
लड़की
पंख तो दे नहीं सकती
फिर सोचता है
वो ख्वाहिशें सिर्फ उसके ज़ेहन की नहीं
लड़की भी तो आधे की हक़दार थी
बेखबर आवारा
वो लड़का
यहीं ज़िन्दगी है?

वह लड़का
पता नहीं
क्या-क्या सोचता गया
उलझता गया
लड़की बिखरती गई उसमें
साथ में वह खुद भी
पर
किसी मोड़ से
लौटकर वापस आ गया
लड़का शयद !
ख़ुद से मिल गया है वो शायद !
एक दिन
उगता हुआ सूरज
मुस्कुराकर
कहता है लड़के से
"घर पर अब इंतजार नहीं हो रहा तुम्हारा"
यहीं ज़िन्दगी है?



सामने दूर..बहुत दूर ही सही,
एक मंजिल तो है
एक नाव के लिए,
एक ही मांझी,तो है
मांझी नहीं तो
ख़ुद वो तो है ही
ख़ुद को किसी भी राह पर
ले जाकर
भटक कर
थक कर
फिर
लौट जाना
पर
अपने अन्दर के इन्सान को
जिंदा रखना
जी हाँ !
यहीं ज़िन्दगी है...

                                                                         - मन


23 सितंबर 2014

राष्ट्रकवि दिनकर~अपने समय का सूर्य हूँ मैं...

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की आज 106वीं जयंती हैं। उन्हें अलविदा कहे हुए 40 साल से अधिक का वक़्त बीत चूका है मगर उनकी रचनाएं आज भी उनके 'चाहने वालों' की जुबां पर बनी हुई हैं।इनका जन्म बिहार के बेगुसराय(तत्कालीन मुंगेर)जिले के सिमरिया गाँव में हुआ था। यह गाँव मिथिला-भूमि का एक तीर्थ स्थल भी माना जाता है जो दो नदियों से घिरा हुआ है। गंगा नदी पर निर्मित राजेंद्र सेतु का उत्तरी किनारा सिमरिया गाँव के साथ लगता है। रामधारी सिंह पिता बाबु राव सिंह व माता मनरूप देवी की दूसरी संतान थे। किसान परिवार से सम्बंधित दिनकर अभी एक साल के थे तब पिता जी अलविदा कह गये,माँ आर्थिक हालात से जूझते हुए बेटों को पाला और पढाया।कम उम्र में ही विवाह हुआ और इनकी हमसफ़र ने पढाई तथा साहित्य साधना में पूरा सहयोग दिया।

दिनकर कहते हैं
                     
               "मैं न तो सुख में जन्मा था,न सुख में पलकर बढ़ा हूँ किन्तु मुझे साहित्य का काम करना है और यह विश्वास मेरे भीतर छुटपन से ही पैदा हो गया था। इसलिए ग्रेजुएट होकर जब मैं परिवार में रोटी अर्जित करने में लग गया तब भी,मेरी साहित्य की साधना चलती रही"


'युवक' पत्र जिसे रामवृक्ष बेनीपुरी निकालते थे में दिनकर की रचनाएं प्रकाशित हुई 'अमिताभ' नाम से।1928 में मैट्रिक पास की,1930 में गाँधी जी के 'नमक सत्याग्रह' में भागीदारी की किन्तु अपने पारिवारिक जीवन के दायित्वों के कारण बीए करने के लिए पढाई जारी रखनी पड़ी। बीए पास करने के बाद उन्होंने 55₹ मासिक पर एक स्कूल में हेडमास्टर की नौकरी शुरू की पर एक जमींदार द्वारा संचालित इस स्कूल में अंग्रेजीयत का बोलबाला और साम्राज्यवादी हस्तक्षेप के रहते उसे छोड़ 1934 में सब रजिस्ट्रार की नौकरी हासिल की और 1943 तक इस पद पर रहें। आज़ादी के बाद उन्हें प्रचार विभाग का डीप्टी-डायरेक्टर बना दिया गया।नौकरी से ऊबे हुए दिनकर ने 1950 में इस्तीफा दे दिया,इसके बाद बिहार सरकार ने मुज्जफरपुर के पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में हिंदी के विभागाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया।1952 में इस पद को त्याग कर राज्यसभा के सदस्य बने,इसके बाद भागलपुर विश्वविद्यालय में उप कुलपति रहे।1965 से 1971 तक भारत सरकार के हिंदी सलाहकार रहें।


1928 में 'प्रण-भंग' उनकी पहली प्रकाशित रचना मानी जाती है जो अब मौजूद नहीं है।1959 में उन्हें पद्मभूषण मिला।उनके काव्य संग्रह 'उर्वशी' के लिए 1972 में ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजे गये।'संस्कृति के चार अध्याय' के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था।उनकी रचनाओं को कईं विदेशी भाषाओं में अनुदित होने का गौरव प्राप्त है,उनकी 'संस्कृति के चार अध्याय' को जापानी भाषा में अनुवाद किया गया है।उनकी प्रमुख कृति है 'उर्वशी' 'रश्मिरथी' 'संस्कृति के चार अध्याय' 'चक्रव्यूह' 'हुंकार' 'आत्मजयी' 'कुरुक्षेत्र' 'वाजश्रवा' 'परशुराम की प्रतीक्षा'
"कलम आज उनकी जय बोल" "आशा का दीपक" "हिमालय" "चाँद का कुरता" "नेता" दिनकर साहब की ये पांच छंद-कविता में उनके साहित्य के पांच रंग को आसानी से देखा जा सकता है।

हरिवंश राय बच्चन ने कहा था ~

        "दिनकर जी को एक नहीं गद्य-पद्य-भाषा-हिंदी सेवा के लिए अलग-अलग चार ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाना चाहिए"


('महात्मा गाँधी अन्तरराष्ट्रिय हिंदी विश्वविद्यालय' जो की महाराष्ट्र के वर्धा में स्थित है। इस विश्वविद्यालय का अभिक्रम www.hindisamay.com ~ 'हिन्दी साहित्य सबके लिए' पर आप राष्ट्रकवि दिनकर को पढ़ सकते हैं)


'आज भी अछूता है दिनकर का गाँव'
पत्रकार सुरेश चौहान लिखते हैं ~
              
          "दिनकर का यह गाँव(सिमरिया),जहाँ दसवीं पास करने के बाद लड़के व लड़कियों को जिला मुख्यालय की ओर टकटकी लगाना पड़ता है। जहाँ प्रसव के लिए निजी अस्पतालों पर ही निर्भर होना पड़ता है। जहाँ बिजली के लिए लोगों को बरौनी थर्मल के राख से चेहरा और फेफड़ा काला होता जा रहा है। जहाँ रह-रह कर कल-कल करती गंगा उफान और दहाड़ मारती हो। जहाँ हर वक़्त किसानों की जमीन पर ईंट चिमनियों के धुएं दूर आसमान तक बाजारवाद का पोषक बन मंडरा रहे हों। ऐसी स्थिति में आज भी सिमरिया के लोगों के समक्ष यह जटिल प्रश्न है कि आखिर कैसे होगा आदर्श ग्राम सिमरिया"


दिनकर की जयंती हो या पुण्यतिथि हर बार राष्ट्रकवि के आशियाने को राष्ट्रिय स्मारक के रूप में सजाने-सँवारने के कवायद की घोषणा की जाती रही हैं और यह घोषणा विगत तीन दशक से की जा रही है।घोषणाओं का यह सिलसिला 1 नवम्बर 1986 से चल पड़ा।
      
       "तुमने दिया राष्ट्र को जीवन,राष्ट्र तुम्हें क्या देगा।
      अपनी आग तेज रखने को,नाम तुम्हारा लेगा।।

ये पंक्तियाँ दिनकर ने महात्मा गाँधी जी के लिए लिखी थी पर आज के समय में दिनकर पर ही ये पंक्तियाँ चरितार्थ हो रही है। दिनकर ने जिस समाज और राष्ट्र की कल्पना अपनी कविताओं में उकेरने की कोशिश की थी'वो वक़्त की परत में दबती जा रही है या यूँ कहें कि आज के पीढ़ी को उनकी साहित्य साधना केवल पढ़कर उन्हें याद कर उनके जन्मतिथि या पुण्यतिथि पर कोई कार्यक्रम आयोजित कर पल्ला झाड़ लेना चाहती हो !

रामधारी सिंह दिनकर ने "मंदिर और राजभवन" नाम से लगभग दो पन्नो में एक लेख लिखा है। उसके कुछ अंश ~
           
मंदिर है उपासना का स्थल,जहाँ मनुष्य अपने-आपको ढूंढ़ता है।
राजभवन है दंड-विधान का आवास,जहाँ मनुष्यों को शांत रहने का पाठ पढाया जाता है।
मंदिर कहता है,"आओं,हमारी गोद में आते समय आवरण की क्या आवश्यकता?पारस और लोहे के बीच कागज का एक टुकड़ा भी नहीं रहना चाहिए;अन्यथा लोहा ही रह जायेगा।"
और राजभवन कहता है,"हम और तुम समान नहीं हैं। हम प्रताप की पोशाक पहने हुए हैं तुम अधीनता की चादर लपेटे आओं क्योंकि हम शासक हैं और तुम शासित,हम तुम्हें गोद में नहीं बिठा सकते,अधिक से अधिक अपनी कुर्सी के पास स्थान दे सकते हैं"
मंदिर कहता है,"लोग संसार में लिप्त है,वासना के रोगों से पीड़ित हैं,हम उन्हें संसार से विरक्त करेंगे जिससे दंड विधान की जरुरत ही नहीं रह जाय।"
राजभवन कहता है,"लोग संसार में अनुरक्त है और जबतक वे अनुरक्त हैं तब तक उनपर पहरा देने के लिए एक सत्ता की जरुरत है। वह सत्ता हम हैं।"
    
    मंदिर कहता है "हम मनुष्य को सुधारेंगे"
    राजभवन कहता है "हम मनुष्यों पर शासित करेंगे"

गाँधी जी अहिंसा सिखाते-सिखाते स्वयं हिंसा के शिकार हो गये।मंदिर गिर गया और राजभवन का दंड-विधान अपनी जन्मपत्री में अपना भविष्य देख रहा है।
गाँधी जी के मृत्यु के साथ संसार की एक पुरातन समस्या,मनुष्य-जाति का एक प्राचीन प्रश्न फिर अपनी विकरालता के साथ हमारे सामने आया है"

आज के समय में राजभवन भी जरुरी है और मंदिर भी ! 2 अक्टूबर आने ही वाला है !
बलिदान एवं वीरता का राग अलापने वाले,अन्याय एवं अत्याचार के विरुद्ध क्रांति का भीषण शंखनाद करने वाले तथा कर्तव्य एवं प्रेरणा का दिव्यलोक वितरित करने वाले राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर 24 अप्रैल 1974 को अलविदा कह गयें !
      
      "कहाँ सिमरिया घाट,कहाँ दिल्ली का दूर नगर है
      मानचित्र पर ढूंढों कविवर कहाँ तुम्हारा घर है...

बिहार की मिट्टी की सोंधी गंध में प्रस्फुटित हो-दिल्ली तक खुशबुओं को बिखरने वाले लब्ध प्रतिष्ठ कवि दिनकर अपने भव्य व्यक्तित्व,सादा जीवन एवं उच्चादर्स के लिए प्रसिद्ध रहे हैं।

दिनकर ने एक जगह स्वयं के बारे में लिखा है 

"मर्त्य मानव की विजय का तुर्य हूँ मैं,उर्वशी अपने समय का सूर्य हूँ मैं"

आज वहीँ सूर्य,वहीँ दिनकर,बिहार सरकार,साहित्य अकादमी और साहित्यिक संस्थाओं,गंगा को बचाने वाले लोग,रिफायनरी प्रशासन की उदासीनता का दंश झेल रहे हैं। आखिर क्यों कोई दिनकर के लिए करे-धरे?दिनकर तो राष्ट्र के लिए जिया।एक राष्ट्र उन्हें क्या दे सकता है?जब-जब सत्ता के लोगों को दिनकर की जरुरत पढ़ती है,वे दिनकर का नाम लेते रहते हैं...दिनकर को और क्या चाहिए...

उनका गाँव(?)सिमरिया उनकी जयंती के मौके पर हर साल उनकी याद में कार्यक्रम आयोजित करता है।इस बार भी वहां दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन है।

राष्ट्रकवि दिनकर~"अपने समय का सूर्य हूँ मैं..."
                         
                                                                                                                                                               - मन

*साभार~अख़बार

17 सितंबर 2014

लम्बी उम्र-ख़ुशनुमा ज़िन्दगी

सभी के लिए ज़िन्दगी अलग मायने लीये हुए हैं।सभी के जीने के तौर-तरीके अलग है।हमें ये देखना चाहिए कि जो ज़िन्दगी हमें ऊपर वाले ने दी है उसे कैसे बेहतर(?)बना सकते हैं।दूसरों की नज़र में न सही पर खुद की नज़र में खुद के लिए कम से कम शिकायत हो"ऐसा कुछ झलके अपने अंदर तो बात बने और इस बात को सच होने के लिए सबसे जरुरी शर्त है 'वो काम करना जो दिल कहे'

मनोवैज्ञानिक स्त्रली ब्लॉत्निक ने एक रिसर्च में पाया कि पैसे से सुख को नहीं ख़रीदा जा सकता लेकिन आप अपने जीवन से ख़ुश है,आनंदित है तो आप वह सबकुछ हासिल कर सकते हैं जिसकी आपको जरुरत है।

ब्लॉत्निक ने अपनी रिसर्च में दो ग्रुप बांटे,एक ग्रुप के पास बहुत सारा पैसा था,दुसरे ग्रुप जिनके पास पैसे तो नहीं था लेकिन उन्हें अपने काम से प्यार था और किसी भी हद तक सफलता प्राप्त करने का जुनून था।1500 लोगों को रिसर्च का हिस्सा बनाया।रिसर्च को 20 साल तक लगातार करते रहने के बाद पाया कि दुसरे समूह के लोग जिन्हें अपने काम से प्यार है उनमें से 101 लोग करोडपति बन गये हैं जबकि पहले समूह के लोग जिनके लिए पैसे ज्यादा अहमियत रखता था उनमें से केवल 1 व्यक्ति ही करोडपति बन सका।
रिसर्च में इसका जो सबसे बड़ा कारण सामने आया वह यह था कि "जब हम किसी काम को दिल से नहीं करते तो छोटी-छोटी चीझों को नज़रंदाज़ कर देते हैं जो हमारे लिए बहुत मायने रखती है।जबकि कोई काम जुनून से किया जाए तब छोटी से छोटी बात को भी बहुत बड़ी समझ कर करते हैं।

माइकल जैक्सन और भारत के प्रभु देवा...सभी जानते हैं ! प्रभु देवा का प्रारंभिक जीवन मैसूर की तंग गलियों की एक चौपाल में बिता।लेकिन बचपन से माइकल जैक्सन जैसा बनने की ख्वाहिश ने उनके रास्ते के सभी रुकावटों को दूर किया।प्रभु देवा अपने एक इंटरव्यू में कहते हैं

                    "बचपन से ही डांस का इतना जुनून था कि मैं सोते-जागते डांस के ही सपने देखता। इसलिए जब रात को लेटे हुए कोई भी स्टेप याद आता तो चुपके से चौपाल के कोने में जाकर स्टेप दोहराता रहता। कहीं मैं सुबह जागूं और वह स्टेप भूल न जाऊं इसलिए ऐसी करते रहता था"
आज प्रभु देवा फिल्म उद्योग के जाने माने चेहरे हैं,उनके पास सबकुछ है ! "जुनून की बदौलत...

सचिन तेंदुलकर,1989 के पाकिस्तान के साथ सियालकोट के उस मैच को कौन भुला सकता है,जब 16 साल के सचिन को फेंकी गयी गेंदें उनका जबड़ा और नाक तोड़ गयी और दिग्गज कपिल देव,रवि शास्त्री के साथ डॉक्टर ने भी आराम करने की हिदायत दी पर सचिन डटे रहे मैदान पर और शतक ठोक कर ही बाहर निकले।

'जुनून' की सबसे बड़ी ख़ासियत है कि यह हमारी कमियों को आसानी से अच्छाईयों में तब्दील करके हमारे रास्ते को आसान बनाता है। जब आप किसी से प्यार करते हैं तो ज़िन्दगी जीने के तौर-तरीके भी उसी हिसाब से बदलता जाता है। यही बात जुनून के साथ भी है। जुनून एक ऐसा शब्द है जो मन में जज्बात पैदा करता है जो हमें साधरण से अलग श्रेणी में ला खड़ा कर देता है। हर बात में ख़ुशी झलकती है और दुनिया बेहद खुबसूरत बन जाती है,किसी ऊपर वाले के होने पर और शिद्दत से विश्वास होने लगता है।

अमेरिका की प्रथम महिला 'मार्था वाशिंगटन' कहती हैं      
                     "स्थितियां कैसी भी क्यूँ न हों,मैं अब भी आनंदमय और खुश रहने के लिए प्रतिबद्ध हूँ क्योंकि मैंने अनुभव से यह सिखा है कि हमारी खुशियों और दुखों का बड़ा हिस्सा हमारी सोच पर निर्भर करता है न कि हमारी परिस्थितियों पर"

ज़िन्दगी चलते रहने का नाम है,अपने पसंदीदा शौक को जगाएं,हवा देकर उसे सहलाते हुए आगे बढ़ाएं क्या पता यह शौक आपकी ज़िन्दगी के किसी पड़ाव पर नई पहचान दे। इसकी कईं बानगियाँ दुनिया में मौजूद है,बस आप खुद से मिलिए और दिल की सुनिए और दिमाग को दिल पर पहरेदारी के लिए तैयार रखिए।मिल्खा सिंह,सचिन तेंदुलकर,अब्दुल कलाम,लता मंगेशकर या मैरी कोम जैसा मत बनिए पर इन असाधारण हस्ती के जैसे जुनून अपने अन्दर जिंदा रखिये,क्या पता कब रोशन हो जाए ज़िन्दगी की बत्ती।
हीरो-होंडा दुपहिया वाहन की दुनिया की सबसे बड़ी कम्पनी,2010 के आखिर में 26 साल से साथ काम करते हुए अलग होने का फैसला किया।हीरो मोटोकोर्प में बदल गया।अलगाव के बाद ए आर रहमान साहब ने हीरो मोटोकोर्प के लिए टाइटल गीत बनाया,गाना कुछ यूँ है
       
       "दिल धीरे धडके है आज
        होने को है आगाज़
        सफ़र पे चलने का बढ़ने का
        इतना है हौंसला
        मिटना फासला
        मंजिल ने मिल ही जाना है
        ओ...ख्वाबों से आगे जाना है

        हमी से तो उम्मीदें हैं
        हमी से तो दिलासा है
        हम पे है निगाहें भी
        हम पे तो भरोसा है

        हम में है हीरो
        हम में है हीरो

        दिल से कहो..हे ! हम में है हीरो..."

भारत की नुग्शी और ताशी नाम की जुड़वाँ बहनों ने पर्वतारोहन के लिए नई जमीन तैयार की है।
ताशी शांत स्वभाव की है,चुलबुली नुग्शी कहती हैं

        "जब भी हम किसी पहाड़ पर चढ़ते हैं तो लगता है पापा ने बहुत मेहनत से पैसा जमा किया है।हम पहाड़ पर बेझिझक चढ़ सकें,इस सपने के लिए वे बहुत दौड़े हैं। इससे अच्छा कुछ नही हो सकता कि इतने कठिन रास्तों पर आपकी बहन आपके साथ हों।

अपने अन्दर के इंसानियत को बचाए रखना एक चुनौती है और यही चुनौती हमें बेहतरी की ओर ले जाता है। दूसरों के लिए न सही पर खुद के लिए कुछ अच्छा कीजिये क्योंकि हम सब खास है बहुत खास,हमें जो ज़िन्दगी मिली है वो सबके नसीब में नहीं !इस उधेड़बुन में न रहे कि कहाँ से शुरुआत करनी है बस खुद के अन्दर देखते हुए बाहर निकल पड़िए,मौसम अच्छा है और एक बेहतर ज़िन्दगी आपके हाथ में है और ये फैसला भी आपके हाथ में है कि किस तरफ जाना है। खुद पर भरोसा करना ही ज़िन्दगी जीने की कला है और कला की उम्र बहुत धीरे-धीरे बढती है किसी के दिल में पैठ जमाने के लिए वर्षों लग जाते हैं।

अमेरिकन लेखिका एदिता मौरिस लिखती हैं कि

           "धुन का पक्का आदमी बुलडोज़र की तरह होता है,वह अपने रास्ते में आने वाले किसी रोड़े-पत्थर की कोई परवाह कभी भी नहीं करता"

"हम सब कुछ तो नहीं कर सकते,पर हम भी कुछ जरुर कर सकते हैं" इसी जज्बे के साथ ज़िन्दगी को शुक्रिया अदा करते हुए,बस आगे बढ़ते रहिए।

2012 में एक फिल्म आई थी "आशाएँ" इस फिल्म से एक नगमा है,प्रीतम चक्रवर्ती+सलीम सुलेमान ने कम्पोज किया है,मीर अली हुसैन के शब्द हैं और गाया है शफ़्क़त अमानत अली ने...कुछ यूँ

              "छन के आई तो क्या चांदनी तो मिली
             छन के आई तो क्या चांदनी तो मिली..
             चंद दिन ही सही ये कली तो खिली
             शुक्रिया ज़िन्दगी..शुक्रिया ज़िन्दगी..
             तेरी मेहरबानियाँ..तेरी मेहरबानियाँ..
             शुक्रिया ज़िन्दगी..शुक्रिया ज़िन्दगी..
             सिर्फ इक रंग से तस्वीर होती नहीं,
             गम नहीं तो ख़ुशी की कीमत नहीं..
             धुप छाँव है दोनों तो दिलकश जहाँ
             क्या शिकायत करें फुरसत कहाँ
             शुक्रिया ज़िन्दगी...

लम्बी उम्र की और ज़िन्दगी को ख़ुशनुमा बनाये रखने की इच्छा हर इन्सान के भीतर जन्म के साथ ही साँस लेने लगती है

                                                    - मन

8 सितंबर 2014

लड़के की ज़िन्दगी...

लड़के की ज़िन्दगी
गुजरता हुआ वक़्त
उस वक़्त की परत में
दबती जा रही एक लड़की
जो लड़के के सपनों में,
आधे की हक़दार थी...
जमाने ने उस लड़के को ज़ख्म दीये
उसी जमाने के हाथ में मरहम मिला उसे
चलते-चलते अजनबी राहों में
एक लड़की मिली उसे !
रूप अलग रूह एक
लम्हें अलग सुकून एक
बातें अलग मुस्कुराहट एक...
लड़की का दिल लड़के के करीब है
शायद लड़के का दिल भी लड़की के पास
यह शायद ! यकीन में बदल जाए तो
लड़के के मेज पर रखीं गीले पन्नों पर,
रुक-रुक कर चलने वाली कलम को रफ़्तार मिले
और
मुक्कमल हो जाए,
दो रूह...दो दिल...
गुजरता हुआ वक़्त और
लड़के की ज़िन्दगी...

                                                - मन