रविवार, अगस्त 17, 2014

लड़का-डायरी-तकिया...

वह लड़का हमेशा मुस्कुराता रहता था।19 बसंत देख चूका था।उसके पहनावे से वह नई पीढ़ी के लड़कों में गिना जाता पर उसे पुराने गाने सुनना बेहद पसंद था।उसकी ज़िन्दगी खुद की वजह से कम और उसके माता-पिता,दादा-दादी,छोटी बहन,कुछ दोस्तों की वजह से ज्यादा चलती थी।उसे किसी से शिकायत नहीं थी न खुद से न खुदा से !
वह अपने निजी कमरे में अकेला खुद के वजुद के साथ घंटो बिताता,उसकी माँ उसके टेबल पर हमेशा एक गिलास पानी हर एक-दो घंटे में रख आती थी।
वह जितना वक़्त अपने हिसाब से बनाये दोस्तों को देता उतना ही अपनी छोटी बहन के साथ भी रहता,बेमतलब से सवाल दादी से पूछता और ऐसे कुछ काम करता कि उसके दादा जी उसे डांट सके फिर वह दादा जी को कभी पलट के जवाब न देकर अपने चेहरे को मुस्कुराने के लिए कहता। घर से ज्यादातर वक़्त दूर रहने वाले पिता से वह खौफ रखता और माँ को कभी यह कहने का मौका नही देता कि उन्हें अपने एकलौते बेटे से शिकायत है।
खुशनुमा दिन गुजर जाने के बाद रात के इंतजार में वह रहता था। रात को अपनी पर्सनल डायरी में दिन भर के उन लम्हों को हुबहू उतार देता जिनसे वह मुस्कुरा उठता हो,बेमतलब सी बात भी कागज-कलम का साथ पाके मतलब ले लेती थी।डायरी लिखते वक़्त वह बेहद खुश होता।हर पेज के आखिरी में वह ऊपर वाले का शुक्र अदा करता,तहदिल से खुदा को याद करके प्रार्थना करता फिर वह उस डायरी को उस तकिये के नीचे छुपा देता जहाँ वह चुराए हुए पैसे छुपाकर रखता था। फिर किशोर दा का गाना "कैसी है पहेली ज़िन्दगी..." सुनते हुए नींद के आगोश में चला जाता,अँधेरी रातों को जोर का सदमा देके !
                                                       -मन

सोमवार, अगस्त 04, 2014

किशोर दा-आज भी करीब है...

कुछ लोग इक रोज जो बिछड़ जाते हैं वो हजारों के आने से मिलते नहीं"
जी हाँ ये गाना है फिल्म "आप की कसम" से जो किशोर दा काका(राजेश खन्ना-फिल्म इंडस्ट्री का पहला सुपरस्टार)के होठों से कह गये...
आज उनकी 85वीं जन्म सालगिरह है...किशोर दा(आभास कुमार कुंजालाल गांगुली)किसी भी परिचय के मोहताज़ नहीं क्यूँकी उन्होंने उन आम लोगों को गुनगुनाने का मौका दिया जिन्हें सुर-ताल की कम ही समझ हैं,किशोर दा कभी भी मन्ना डे या रफ़ी साब के जैसे शास्त्रीय संगीत की तालीम नहीं ली पर उनके गायिकी का अंदाज़ देखिये कि उन्होंने इस चीझ की कभी कमी महसूस न होने दी इसलिए मेल प्लेबैक सिंगर के केटेगरी में सबसे ज्यादा 8 बार उन्होंने फिल्म फेयर अवार्ड हासिल किया वही रफ़ी साब के हिस्से में 6 फिल्म फेयर अवार्ड आया।किशोर दा को 57 साल के उम्र में भी फिल्म फेयर अवार्ड के लिए चुना गया जो कि रिकॉर्ड है(सबसे कम उम्र में अरिजीत सिंह को 26 साल में फिल्म फेयर मिला है) किशोर दा को पहला फिल्म फेयर अवार्ड 1969 में शक्ति सामंता के निर्देशन-निर्माण में बनी फिल्म "अराधना" के गीत "रूप तेरा मस्ताना" के लिए मिला,ये फिल्म 1946 की हॉलीवुड फिल "To Each Has Own" की रीमेक थी,मूवी ऑफ़ द इयर चुनी गयी थी साथ ही शर्मीला टैगोर को बेस्ट एक्ट्रेस का पहला फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला था।इस फिल्म में एक और गाना था "मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू" ये गाना हर आदमी के जुबान चढ़ गया था और कोई भी शादी इस गाने के बजे बगैर अधूरी रह जाती थी(अभी भी मशहूर है)
किशोर दा इंदौर के क्रिशचन कॉलेज से पढाई की वहाँ वे कॉलेज के कैंटीन से उधार में खाते और दोस्तों को भी खिलाते।उस समय 10-15 ₹ की उधारी बहुत मायने रखती थी,जब किशोर दा के 5 ₹ 12 अन्ना उधार चढ़ गया तो कैंटीन वाला तकाजा करने लगा फिर किशोर दा टेबल पर ही गिलास-चम्मच से 5 ₹ 12 अन्ना पर धुन निकालते बाद में उन्होंने अपने गानों में इसे बखूबी यूज किया।
किशोर दा रियल लाइफ में कैसे थे अगर आपको ये जानना है तो आप उनकी फिल्म "पड़ोसन" देखिए वैसे सभी ने देख रखे होंगे :)
किशोर दा ने शुरुआत फिल्मों में एक्टिंग से की तब उन फिल्मों में उनकी आवाज बने रफ़ी साब।रफ़ी साब ने उनके लिए गाये पहले गाने के लिए 1₹ मेहनताना लिया था।
किशोर दा रियल लाइफ में भी मशहूर हुए।उनके अजब-गजब कारनामे जैसे कि वे अपने कईं गानों में यूडलिंग का प्रयोग कर नया ट्रेंड चलाया...उनके मेहनताना न देने पर निर्माता से पैसे लेने का तरीका सबकुछ जुदा।
किशोर दा ने चार शादीयाँ की,पहली शादी रुमा गुहा ठाकुरता से की(1950-58)फिर तलाक ले लिये फिर दूसरी शादी (1960-69) मधुबाला (मुमताज़ जेहान देहलवी) जी से,शादी करने के पहले उन्हें जानकारी थी कि मधुबाला जी को बीमारी है और उनकी ज़िन्दगी बस कुछ साल की ही है इसके बावजूद वे इस्लाम को कबूल कर उनसे निकाह किया।(किशोर दा का इस्लामी नाम-करीम अब्दुल)
तीसरी शादी योगिता बाली से(1976-78) हुई जो कि बाद में मिथुन दा की पत्नी बनी,शादी के बाद किशोर दा मिथुन दा से खफा हो गये और उनकी फिल्मों के लिए अपनी आवाज़ नहीं दी तब जाके बप्पी दा का सिक्का चला और म्यूजिक इंडस्ट्री में एक नया बदलाव "आई एम अ डिस्को डांसर" के रूप में बेहद मशहूर हुआ।
उन्होंने चौथी शादी 25 साल की उम्र में विधवा हुईं लीना चंदावरकर से(1980-87)की जो कि उनके साथ आखिरी साँस तक रहीं।
एक गाने में वह कहते हैं "आग से नाता नारी से रिश्ता काहे मन समझ न पाया...मुझे क्या हुआ था एक बेवफा पे हाय मुझे प्यार आया..."(फिल्म 'अनामिका')
लोग कहते हैं कि 4-4 शादीयाँ?इसे प्यार नहीं कहते?
हमारा मानना है कि उनके लिए प्यार के मायने अलग हो सकते हैं जो कि 1987 में उनकी रूह के साथ दफ़्न हो गयी आज वे होते तो इस मुद्दे पर खुल के जिंदादिली से बात करते पर काश! वैसे भी वे अनूठे थे,ये सब होने के बावजूद उनके प्रशंसक उन्हें पसंद करना छोड़ नही देंगे पर हमें कोई हक नही देता कि हम किसी के निजी मामलों पर कुछ कह सकें,जो कहानी इतिहास में दर्ज हो गयीं उनका बस लुत्फ़ उठाया जा सकता है।
एक प्रशंसक के तौर पर मेरा इतना मानना है कि उनके ही कारण हमारे जैसे अनगिनत चाहने वाले गुनगुनाना सिख पाए।
उनके चले जाने के पहले प्रीतेश नंदी ने उनका इंटरव्यू लिया था वो कन्फेस करते हैं कि बॉलीवुड में उनका कोई दोस्त नहीं है,उन्हें अपने पेड़ों से बात करने में ज्यादा मज़ा आता है" लीना(उनकी चौथी पत्नी)जी एक वीडियो में कहती हैं "किशोर दा एक बार कहे थे मेरे चले जाने के बाद भी लोग मुझे याद करेंगे" आज उनके जाने के 27 साल बाद भी वो हम जैसे ढेरों प्रशंसको की जेहन में उनकी यादें और नग्मे जज्ब हैं।
उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता पर आज के गायक शांतनु(शान)कुछ हद तक भरपाई करते हैं क्यूंकि गाते वक़्त जैसे किशोर दा मुस्कुराते थे वैसे ही शान का भी गाने का तरीका है ठीक वैसे ही जैसे सोनू निगम रफ़ी साब की कमी को एक हद तक पूरी करते हैं।अगर आप जवानी के किशोर दा को फिल्मों में एक्टिंग करते देखेंगे तो आपको रणबीर कपूर(ऋषि-नीतू कपूर के बेटे) के एक्टिंग वाले चेहरे में वही झलक दिखेगी।
गुलज़ार साब ने ऐसी शख्सीयत के लिए उनके ही एक गाए गाने में कुछ यूँ बयाँ किया है-(वो कल भी पास-पास थी,वो आज भी करीब है)

किशोर दा "वे कल भी पास-पास थे...वे आज भी करीब हैं..."

-मन
(साभार-विकिपीडिया)

रविवार, जून 15, 2014

एक कल जो आज भी है...

हमारे लिए सभी चीझें आसान हुआ करती थी | मुश्किलों का वास्ता बड़ों से होता था,हम बस उनकी उदासी पढकर अंदाजा लगा लेते थे कि मुश्किलें बड़ी हैं या छोटी | खुश रहना,हमसे ज्यादा बेहतरी से कोई नहीं जानता था और हमें खुश देखकर न जाने कितने चेहरों को मुस्कुराने का मौका मिलता था | छोटी-छोटी बातों में से खुशियाँ ढूँढकर चेहरों पर ओढ़ लेना,हम बखूबी जानते थे और हमारी ज़िंदगी ने उस वक्त तक हमें इतना ही सिखाया था | मतलब की बात को मासूमियत से बेमतलब बनाते हुए और बेमतलब की बातों से ज़िंदगी को जीना जानते थे | हमारे आस-पास की ज़िंदगी कैसी हो,इसका फैसला केवल हमारे हाथों में होता था | फ़िक्र से कभी पाला नहीं पड़ता था और ज़िंदगी को रत्ती भर भी समझे बगैर एक खुशहाल ज़िंदगी जीने का तरीका हम बखूबी जानते थे |
               एक उम्र को वक्त की परतों में यादों के संग सिमटाकर संजोते जाते थे | ज़िंदगी हमारी मर्जी से चलती थी और हर पहलू के पीछे हम वजह ढूँढने के फिराक में नहीं रहते थे | उस वक्त की ज़िंदगी उतनी ही मासूम थी जितनी कि हमारे चेहरें बयां करती थी | घर में माहौल गमगीन हो तो बिना कारण जाने हम भी उदास हो जाया करते थे और घर में ख़ुशी के वक्त सारी खुशियाँ हमारे चेहरों के मुस्कुराहट के रस्ते से होकर गुजरती थी | उन दिनों हम पढाई को इसलिए जरुरी समझते थे कि यह काम करने के बाद हमें कोई खेलने से रोकने वाला कोई नहीं होता था और इसी बहाने घर वालों की नज़र में हम पढ़ने वाले बने रहते थे और खुद की नज़र में खेल से सारी खुशियाँ पाने वाले |
               चोट लगती तो हम माँ का चेहरा पढकर अपने दर्द का अंदाजा मासूमियत से लगा पाते,पिता जी के गुस्से से समझ पाते कि हमारी लापरवाही बढ़ गई है,पर कभी-कभी उन्हीं लापरवाही के पीछे पिता जी का मुस्कुराता हुआ चेहरा दिखता तो सबकुछ बेहतर हो जाता था | माँ की गोद सुकून भरी नींद के लिए थी तो दुनिया भर की बेमतलब के सवालों के जवाब के लिए दादी और डांटने के लिए दादा जी होते थे |
               आज हम बड़े हो गए है इसलिए बचपन की इन सब बातों को याद करने का हमारे पास वजह और जरिया,आज की ज़िंदगी बनती है | अपने जेहन में से कभी न मिटने वाला एक सुनहरे वक्त को आज में याद करना उन ज़िंदगी को फिर से जीने के बराबर है | उन लम्हों को फिर से आँख मूँदकर देखे बगैर हमारी आज की ज़िंदगी अधूरी सी है और कहने के लिए हमारे पास है,काश...!!!
               यह अनुभव करना जरुरी है कि ताउम्र बचपना हममें से निकल नहीं पाता बस आज में वक्त ने इतना सा करवट ले लेता है कि हम मुस्कुराने से पहले उदास होना जरुरी मानते हैं,उम्मीद की डोर थामे बगैर बड़े-बड़े वादे और सपने लिए फिरते हैं,हर पहलू में मुस्कुराने के लिए वजह ढूँढते हैं,मासूमियत को गंभीरता बनाकर ओढ़ लेते है और हमारे आस-पास की ज़िंदगी बेहतर कैसे बने,इसका फैसला हम किसी और के हाथ में दे देते हैं |

                                                                                              - "मन"

रविवार, जून 16, 2013

ज़िंदगी भी तो यही चाहती है...

जहाँ खुद ही खुद से जिरह हो
फिर हिस्से में आए खामोशी
जहाँ कुछ यकीन करने
और न करने के दरम्यान
खुद से मिलना न पड़े
जहाँ खुली आँखों के सामने
धुँधली दिखने लगे दुनिया
जहाँ कुछ खोने के डर से
बेतरतीब होते जाएँ सपने
जहाँ अपने करीबी के पास
वजह हो,दूर हो जाने का
जहाँ पसंद-नापसंद
मायने न रखते हो
जहाँ शिकवे-गिले रहने लगे
कुछ बेहतरी से ज्यादा
फिर वहाँ पर,
ज़िंदगी के रास्तों को
कुछ पल के लिए थामकर
दूसरों की नज़र से
खुद को टटोलना फिर
हम जो है,उसमें से
झूठ को बेदखल कर
सच को जगह देने के लिए
हर मुमकिन कोशिश करना
बेहद जरुरी है
क्योंकि,
कहीं न कहीं ज़िंदगी के हर मोड़ पर 
हम भी और एक सुकून भरी ज़िंदगी भी, 
हमसे यही तो चाहती है...

                                           - "मन"

बुधवार, जून 12, 2013

आसान या मुश्किल ?

ज़िंदगी,आसान क्यों नहीं है ? और अगर आसान नहीं है तो इसे मुश्किल बनाता कौन है ?
             हम आज में जो कुछ भी कर रहे होते हैं,कल वही हमारे सामने आने वाला है...अगर सबकुछ आसान है तो खुद के साथ सबका शुक्रगुजार होना और अगर मुश्किलें आयेंगी तो दूसरों पर ऊँगली उठाना आसान है और सही भी है क्योंकि उन कुछ लोगों की ज़िंदगी ने उन्हें शुक्रगुजार होना कम और दूसरों पर ऊँगली उठाना बेहतरी से सिखाया है
             पर आखिर में ये खुबसूरत ज़िंदगी केवल हमारी ही है,हर राह के हर मोड़ के लिए हम खुद जिम्मेदार है,इस बात को कुछ लोग जल्दी समझ जाते हैं तो उनकी ज़िंदगी बहुत हद तक आसान हो जाती है और जो नहीं समझ पाते उन्हें अपनी ही ज़िंदगी से शिकायतें रहती हैं और मुश्किलों से सामना होता है...
             बहुत हद तक सही भी हो कि किसी की ज़िंदगी ही उसे मुश्किलों के सफ़र तक ले गई हों पर उन्हें ये भी मानना चाहिए कि ज़िंदगी ने उन्हें कईं मौके दिए होंगे जिससे उनकी ज़िंदगी आसान हो जाए,बेहतर हो जाए...
             ये समझना और जल्दी समझना बहुत जरुरी है कि ज़िंदगी वैसी ही बनती चली जाती है जैसा कि हम उसे चाहते हुए बनाते हैं,नहीं तो वक्त आने पर ज़िंदगी समझा ही देती है...फैसला हमारे हाथों में है-आसान या मुश्किल???
             ज़िंदगी,पहेली तो बिल्कुल नहीं है पर इसके हर मोड़ को ठीक-ठीक समझ लेना कभी भी आसान नहीं रहा...और हमेशा की तरह इसे लिखकर समझना बेहद आसान है,बेहद...

                                                                                                   - "मन"