कविताएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कविताएँ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, अप्रैल 03, 2021

दुनिया संकरी है...

तुम मुझमें समाना ऐसे
जैसे आमीखाई की कविताओं में दर्ज़ है युद्ध
जैसे मुक्तिबोध की कलम से दर्ज़ हुए सारे पहलू
जैसे मंटो की कहानियों में है पसरी अमानवीयता
जैसे राहुल सांस्कृत्यायन के मन में था घुमक्कड़ी
जैसे प्रेमचंद की कहानियों में है गाँव और महाजन
जैसे गर्मी के दिनों के पास है सुकून भरी रात
जैसे प्यासे समन्दरों के लिए है नदी
जैसे चाँद के लिए है धरती
जैसे रोने और हँसने के लिए है आँख
समझ गई ना तुम ?


इतिहास पढ़ने वाली लड़की से
गणित पढ़ने वाले लड़कों को मुहब्बत नहीं करनी चाहिए
और
एक उदास लड़की को
हँसाने के लिए किए गए सारे जतन
पीढ़ी दर पीढ़ी सभी को सिखाने की अनिवार्यता होनी चाहिए।
कविता में उतर आए बेमतलब की बातों के लिए
निकाली जाने वाली व्याख्याएँ कवि के लिए वरदान है
ठीक-ठीक वैसे ही
हमारा मिलना और प्यार करना
भविष्य में दुनिया को बचाने का एक ज़रिया होगा, यक़ीन करो मेरा..

पता है तुम्हें ?

बहुत कम समय बचा है
हमें जल्दी से मिलना होगा
"भूल जाना मुझे" की जगह
हमें दुहराना होगा "हम कभी नहीं भूलेंगे"
हमें उन दो शहरों की गलियों से गुज़रना होगा
जहाँ बेमन से बीता हम दोनों का बचपन
हमें हर शहर में दर्ज़ करानी होगी अपनी उपस्थिति
हमें नीले फूलों को खिलते हुए देखना होगा रोज़
हमें नदियों, पहाड़ों, सड़क और इमारतों को हटाना होगा
क्योंकि.. हमारे प्यार के लिए, ये दुनिया बहुत संकरी है।


:)

सोमवार, अगस्त 31, 2020

शीघ्रातिशीघ्र

कीड़े जानते होंगे कि
किसी के लिए दी जाने वाली बद्दुआ में वो शामिल होते हैं ?
बिल्ली जानती होगी कि
वो बाघ की मौसी कहलाती है ?
कौए जानते होंगे कि उनके बोलने को
बिहार में अशुभ माना जाता है और राजस्थान में शुभ ?
ख़रगोश जानता होगा कि
उसके नाम से स्कूलों में सबक याद कराए जाते हैं ?
भेड़िये को ख़बर है कि
सदियों से वो सीखा रहा है हमें झूठ नहीं बोलने के लिए ?
यमुना को पता होगा कि
इलाहाबाद के आगे भी उसका अस्तित्व है ?
या ब्रह्मपुत्र को पता है कि वो पुरुष है और गंगा स्त्री ?
मंटो को कौन यक़ीन दिलाएगा कि
वो ख़ुदा से भी बड़ा अफ़सानानिगार है ?
मुग़ालते में डूबे शाषक के भ्रम को कौन तोड़ेगा ?
बाढ़ के पानी को कौन संदेशा देगा कि
बच्चे उसे देख-सोच रोमांचित होते हैं
जबकि दोआब में बसे गाँव डर से काँपने लगते हैं ?
कोसी नदी को कौन उलाहना देगा कि
वो बिहार का शोक बनी हुई है ?
आसमान को कहकर कौन डराएगा कि
जब पृथ्वी न रहेगी तो वो कहाँ बरसेगा, कहाँ निहारेगा ख़ुद को ?
सूरज क्या जानता होगा कि
कितनी उम्मीद लगा के लोग सो जाते हैं रातों को ?
कुछ भाषाओं को भनक भी है कि
अब वे विलुप्ति के कगार पर हैं ?
सिगरेट को कौन ये कहकर ख़ुश करेगा कि
उसके ऊपर मनुष्य जाति के बहुत एहसान लदे हैं ?
वसंत ऋतु को कौन आगाह करेगा कि
पतझड़ का आना भी तय है ?
जवानी को कौन बताने की ज़हमत उठाएगा कि
अगले ही किसी मोड़ पर बुढ़ापा कातर निगाहों से इंतज़ार में है ?
दूर देश की एक सुंदर लड़की को ये कौन कहकर उसे
चहकने का मौका देगा कि
किसी लड़के की डायरी में अब दर्ज़ होने लगी है वो ?

ये सारे काम कवियों के हाथों में सौंपे जाने चाहिए....शीघ्रातिशीघ्र!