रविवार, जून 21, 2020

समझौता

"समय सब ठीक कर देता है"
"समझौता करना सीखो"

समझौता- जीवन से, जीवन में, जीवन के लिए
पर समझौता का मतलब
उस जीवन को जीए बिना
हम में से बहुत लोग नहीं जान पाएँगे।

जिन लड़कियों ने बेपनाह प्यार
किसी और से 'किया' और अब
जिन्हें शादी के बाद बेपनाह प्यार
किसी और से 'करना पड़ रहा' है।
उन घर की बड़ी होती हुईं बेटियाँ
जानती हैं कि-

बर्तन ज़ोर से क्यों पटका जाता
किसी दिन सब्जी तीखी क्यों बनी
बारिश में भीगने की मनाही क्यों
कॉलेज से सीधा घर क्यों आना
किसी के सामने ज्यादा क्यों नहीं हँसना
हर वक़्त ओढ़नी को क्यों है ढ़ोना
छत पर केवल कपड़े लेने ही क्यों जाना
हवा के झोंके को क्यों नहीं महसूस करना
फिल्में कभी-कभार ही क्यों देखना
अपनी पसंद उजागर क्यों नहीं करना।

कुछ लड़कियों की किस्मत में
साफ-साफ लिखा होता है यूरोप घूमना
पर उन्हें कोल्हू के बैल के माफ़िक
पता होता है कि कहाँ-कहाँ घूमना है।

तेज़ धार का चाकू
रुका हुका हुआ पंखा
तालाब
सल्फास की गोली
तिनमंजिला छत
लापरवाही से चलती हुई बस,
समझौता करना नहीं जानती और ना ही कभी जान पाएगी।

बुधवार, जून 17, 2020

आदतन...

दुनिया जानती है-

मंटो पागल होने से मरा
मीरा कुमारी शराब की लत से
बटालवी भी शराब की लत से
प्रेमचंद पेट के रोग से
मुक्तिबोध लकवे से
संजीव कुमार हृदयाघात से
धूमिल ब्रेन ट्यूमर से
सफ़दर हाशमी नेता की रॉड से
गुरु दत्त नींद की गोली से
वैन गा ख़ुद की गोली से
चे ग्वेरा सत्ता की गोली से
कीट्स टीबी से
वर्जीनिया वुल्फ नदी में डूबने से

और
सुशांत फंदे से मरा।

गौरव सोलंकी【वही 'ग्यारहवीं A के लड़के' वाले】कहते हैं-

"कुछ लोग प्रेम न मिलने पर भी मर जाते थे, चाहे प्रेम सिर्फ़ एक झूठी अवधारणा ही हो। लेकिन डॉक्टर समझदार थे कभी किसी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में नहीं लिखा गया कि अमुक व्यक्ति प्यार की कमी से मर गया। यदि दुनिया भर की आज तक की सब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखी जाएँ तो यही निष्कर्ष निकलेगा कि दुनिया में हमेशा प्यार बहुतायत में रहा। लोग सिर्फ़ कैंसर, पीलिया, हृदयाघात और प्लेग से मरे।"

'जानिए निराशा को दूर करने के उपाय'
'डिप्रेशन के 10 लक्षण'
'जीवन से ऊब चुके हैं तो ये वीडियो आपके लिए है'
'आप अकेले नहीं है, मैं हूँ, अभी कॉल कीजिए 109777 पर'

किसी पत्रिका के अगले अंक में ओशो, सद्गुरु, श्री श्री आपको आत्महत्या करने से बचाते हुए नज़र आयेंगे। फिर भी अख़बार का तीसरा पेज आरक्षित रहेगा आत्महत्या करने वालों के मनहूस ख़बरों से। जैसा हर बार होता है, होता रहेगा।

तोहमत, अटकलें, लफ्फाजियाँ, बयानबाजी, सपाट रवैया...आदतन।

सोमवार, जून 15, 2020

मुमकिन है...

जिनका भी भरोसा
माँ-बाप पर से उठ गया हो।
वह कभी भी ईश्वर पर भरोसा नहीं कर सकता।

पहाड़ी झरने में मिलकर
बरसात का पानी ले जाता है जीवन।

बूढ़ा होना अचानक आएगा
जैसे आ जाती है अचानक छींक।

एक पागल कवि जानता है कि
लड़की बुखार में नहीं प्रेम में है।

शाम की तरफ़ जाते जीवन में
कठिन लगता सबकुछ
सुनसान रास्तों पर चलते हुए
मुस्कान की पैरवी करते दरख़्त
सच को झुठलाते हुए पश्चिम में डूबता सूरज।

उन गुनाहों की सज़ा क्या होगी ?
जो प्रेम में रहते हुए
पागल कवि और बुखार वाली लड़की
पूरी पृथ्वी को एक कर देते हैं।

पर जीवन में यादों को उगाना भी
कम मुश्किल काम नहीं
और
किसी को याद करके रो सकने की तो
बात ही दूसरी है।

मुमकिन है
बुखार वाली लड़की का हाथ
जब उसका पति थामे
तो उँगलियाँ पागल कवि की हो, मुमकिन है।


:)

मंगलवार, जून 09, 2020

चुप्पी तोड़ो और लिखो ख़त अब

लड़की चुप है
जैसे चुप हैं तारे वैसे ही
जैसे मोची के बेटे के सपने चुप हैं
और जैसे चुप है सारी मछलियाँ।

वो लड़की शुरू से ही नहीं थी लड़की
थोड़ी देर से बनी थी वो लड़की
जैसे उसका प्रेमी थोड़ा पहले ही बन गया था लड़का
जैसे प्रेम को महसूसते हुए कोई इंसान बन जाता है पिता
ठीक वैसे ही चुप है वो लड़की।

लड़की चुप है और उसकी चुप्पी
एक दिन रचेगी सभ्यता
एक दिन चाँद देर से पहुँचेगा अमावस की रात तक
एक दिन सूरज जल्दी डूबेगा
एक दिन दक्षिणी ध्रुव को एहसास होगा उत्तरी ध्रुव की ठंड
एक दिन पिता को एहसास होगा कि इस 'समाज' का क्या करूँ अब
लड़की चुप है और उसकी चुप्पी में 'एक दिन' है छिपा हुआ।

उस लड़की का
'लड़की' होने का रहस्य
उसके होने का रहस्य-
दूर देश के एक लड़के,
एक समंदर, एक चाँद को पता है।
लड़की ने एक बार कहा था-
जब देर रात देह में उठता है दर्द
तो उसकी आँखों और होठ का फासला कम हो जाता है।

वो लड़की चाहती क्या है ?
किस्से, कविताएँ, यक़ीनी बातें,
प्रेमी की उलझनें या प्रेमी की उड़ान!

धूप घड़ियाँ-सी होती हैं कुछ लड़कियाँ उनमें सुइयां नहीं होती,
और उनके गहरे रहस्य तक पहुँचने के लिए
कुछ लड़के रेतघड़ी के सहारे काट लेते हैं ज़िन्दगी।


मन :)

रविवार, जून 07, 2020

संभावना कविता हो जाने की...


प्रेम
भरोसा
जिम्मेदारी
मजबूत हाथ
सहमा एक खरगोश
अँधेरी रात में जाती रेल
पत्ते पर अटकी बारिश की बूँद
अधखुली एक किताब पर रेंगती चींटी
सुकून से हाँफती कुत्ते से बच गयी बिल्ली
प्याले में ठहर गयी फीकी चाय की आख़िरी घूँट
बाँट देने के बाद भी रूठी साईकल पर बचा अख़बार
आख़िरी विदा में एक बार और हाथ थामने की ख़्वाहिश
एक कसक पिता से न कह सकने की 'बहुत प्यार है आपसे भी'
बिजली के तारों पर बैठी भीगे पंखों वाली कबूतरों की कतारें
त्यागे गए घर में मकड़-जाल से लिपटा एक बुझा लालटेन
नींद की आगोश में अधूरी छोड़ दी गई एक प्रेम कहानी
भटक गए राही के लिए नुक्कड़ पर पान की दुकान
नदी किनारे अरसे से लावारिस पड़ी एक नाव
बिन पते का लिखा गया एक गुमनामी ख़त
बिस्तर पर कईं रातों की बेचैन सिलवट
शांत सहरा में दो जोड़े पैरों के निशां
खिड़की पर उम्मीद की किरण
घर की चौखट पर दीया
दरवाजे पर सुकून
सुकूँ में दो दिल
दो दिल
दिल
दो

:)